बिहार के चारा घोटाले से बड़ा गोठानों का घोटाला, भाजपा ने लगाया आरोप तो कांग्रेस ने किया पलटवार

भाजपा ने इसे बिहार के चारा घोटाले से बड़ा घोटाला करार दिया है। भाजपा ने इस मामले में सीबीआइ से जांच कराने की मांग की है।

बिहार के चारा घोटाले से बड़ा गोठानों का घोटाला, भाजपा ने लगाया आरोप तो कांग्रेस ने किया पलटवार

रायपुर। CG Election 2023 चुनावी वर्ष में राजनीतिक दल भ्रष्टाचार को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। शनिवार को एक बार फिर भाजपा ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर गोठानों के जरिए 1300 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। भाजपा ने इसे बिहार के चारा घोटाले से बड़ा घोटाला करार दिया है। भाजपा ने इस मामले में सीबीआइ से जांच कराने की मांग की है। भाजपा के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कांग्रेस ने भी कड़ा प्रहार किया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पूर्ववर्ती डा. रमन सिंह की सरकार में गोशाला के नाम 1,667 करोड़ का भ्रष्टाचार हुआ है।

गोठानों में गोबर न गाय: साव

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने आरोप लगाया कि गोठानों के नाम पर बिहार के चारा घोटाले की तर्ज पर भ्रष्टाचार हुआ है। इन तथाकथित गोठानों में न गाय है और न ही गोबर। साव शनिवार को राजधानी के एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। इस मौके पर प्रदेश भाजपा के महामंत्री ओपी चौधरी, भाजपा प्रवक्ता केदार गुप्ता, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अनुराग आरटीआइ प्रकोष्ठ संयोजक विजय शंकर मिश्रा, भाजपा रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष टंकराम वर्मा मौजूद रहे। साव ने कहा कि गोठानों के नाम पर भी कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने सब्जबाग दिखाए, लेकिन न तो गोठानों में गायों के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए और न ही गोबर से निर्मित खाद का कहीं अता पता है। 269 करोड़ रुपये के तो केवल गोबर घोटाले का पर्दाफाश हुआ है।

3,948 गोठानों की जांच का दावा

भाजपा ने प्रदेश के 9,790 गोठानों में से 3,948 तक पहुंचकर ‘पोल खोल अभियान’ चलाने का दावा किया है। साव ने आरोप लगाया कि बदइंतजामी के कारण अक्टूबर 2022 में सिर्फ तीन गोठानो में 150 गाेवंश ने भूख, प्यास और घुटन के चलते दम तोड़ा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अपने विधानसभा क्षेत्र के अचानकपुर गोठान में ही 25 गायों की हत्या हुई। इसी तरह आदर्श दर्जा प्राप्त सचादुर गोठान से रातों-रात हिस्ट्रीशीटर गो- तस्करों ने 40 से 50 गायों की चोरी को अंजाम दिया। प्रदेश सरकार ने दो रुपये किलो की दर से गोबर खरीदकर उसे 10 रुपये प्रति किलो की दर से घटिया वर्मी कंपोस्ट के नाम पर किसानों को बेचा है।

गोठान में भ्रष्टाचार भाजपा की दिमागी फितूर: कांग्रेस

भाजपा द्वारा गोठानों के नाम पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाने के बाद प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा पर तीखा प्रहार किया। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। मुद्दाविहीन भाजपा राज्य सरकार के जनहित के कामों का विरोध नहीं कर पा रही है तो सफल योजनाओं में झूठे आरोप लगाकर अपनी भड़ास निकालती है। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में 9,790 गोठान बनाकर राज्य के पशुओं के संरक्षण उनकी देख रेख का अभिनव प्रयास किया है।

यह पूरी योजना गांव वालों के सहयोग, ग्रामवासियों के द्वारा बनाई गई गोठान समितियों और गांव के बहनों के स्व सहायता समूह के माध्यम से संचालित होती है भाजपा इस योजना पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगा कर ग्रामवासियों के निष्ठा ईमानदारी पर सवाल खड़ा कर रही है। गोठानों में भ्रष्टाचार के आरोप भाजपा का दिमागी फितूर है। पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, राम गिडलानी, प्रकाश मणी वैष्णव, विकास विजय बजाज, सत्य प्रकाश सिंह उपस्थित रहे।

रमनराज में जमीन का बंदरबांट: शुक्ला

शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने प्रदेश में 10894 गोठान स्वीकृत किया जिसमें 9,790 गोठानों का निर्माण किया, इन गोठानों के माध्यम से पूरे प्रदेश में तीन लाख 50 हजार एकड़ जमीन चारागाह के लिए आरक्षित है। एक ओर जहां रमन राज में 1000 एकड़ सरकारी जमीन का बंदरबाट हुआ, कांग्रेस सरकार ने साढ़े तीन लाख जमीन आरक्षित किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैविक खाद के बढ़ावा देने के नाम पर उर्वरकों की सब्सिडी में 35 प्रतिशत कटौती की घोषणा करते है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव छत्तीसगढ़ में वर्मी कंपोस्ट का विरोध करते है। भाजपा बताए कि मोदी का स्टैंड सही है या साव का। मोदी गोधन न्याय योजना का नाम बदलकर अपने बजट में शामिल करते है। भाजपा की आठ राज्य सरकारें गोठान योजना को अपने यहां लागू करने की योजना बनाती है छत्तीसगढ़ के भाजपाई विरोध करते हैं।