मंदिर हसौद पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: चाकू लहराने वाला युवक समेत 5 गिरफ्तार, अवैध शराब के ठिकानों पर भी दबिश
अवैध हथियार और शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई, 6 असामाजिक तत्वों को भी भेजा गया जेल
रायपुर।* मंदिर हसौद थाना पुलिस ने क्षेत्र में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक सहित अवैध शराब बिक्री के मामलों में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया है।
ग्राम मुनगी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास 31 अगस्त को एक युवक हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा था। सूचना पर मंदिर हसौद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और *आदित्य निषाद (19), निवासी मुनगी* को पकड़ लिया। उसके कब्जे से धारदार स्टील का चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 411/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की।

इसी अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ भी अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। *नकटा मोड़* के पास *मिथलेश वर्मा (29)* को 48 पौवा देशी शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं *चंदखुरी फार्म बाजार रोड* पर *प्रहलाद वर्मा (23)* के कब्जे से 33 पौवा देशी शराब और बिक्री के 910 रुपये नगद जब्त किए गए।

इसके बाद ग्राम *चीचा पानी टंकी* के पास ठेले में शराब बेचते *उमेश्वर अनंत (36)* को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 35 पौवा देशी शराब जब्त की गई। वहीं चीचा के पुराने तालाब के पास बरगद के पेड़ के नीचे शराब बिक्री करते *जितेन्द्र डहरिया (35)* को पकड़कर उसके कब्जे से 40 पौवा शराब और बिक्री की नगद रकम जब्त की गई। चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने इसके साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए *6 असामाजिक तत्वों के खिलाफ धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस* के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। सभी को तहसील न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल दाखिल कराया गया।

मंदिर हसौद पुलिस का कहना है कि अवैध शराब बिक्री, हथियार लेकर दहशत फैलाने और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Live24Newscg