आरंग में जिला स्तरीय शालेय बालिका रग्बी प्रतियोगिता, चार विकासखंडों की खिलाड़ियों ने दिखाया खेल कौशल
आरंग रग्बी फुटबाल क्लब में जिला स्तरीय शालेय बालिका रग्बी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रायपुर जिले के अभनपुर, धरसीवां, आरंग और तिल्दा विकासखंड से अंडर-14, 17 एवं 19 आयु वर्ग की बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
आरंग। आरंग रग्बी फुटबाल क्लब में जिला स्तरीय शालेय बालिका रग्बी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रायपुर जिले के अभनपुर, धरसीवां, आरंग और तिल्दा विकासखंड से अंडर-14, 17 एवं 19 आयु वर्ग की बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपने प्रदर्शन का परिचय दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों का चयन रायपुर जिले की रग्बी टीम के लिए किया गया है, जो आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, आरंग भाजपा मंडल अध्यक्ष देवनाथ साहू, स्वामी आत्मानंद विद्यालय आरंग जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष खिलेश धुरंधर, खूबचंद साहू एवं नरेंद्र साहनी ने खिलाड़ियों को संबोधित कर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने खिलाड़ियों को खेल के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू ने बताया कि प्रतियोगिता में रायपुर जिले के चारों विकासखंडों से खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंडर-14, 17 और 19 वर्ग की खिलाड़ियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रायपुर जिले की टीम में स्थान बनाया है। चयनित खिलाड़ी अब संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरंग की प्राचार्या सरोजनी केरकेट्टा के मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता के संयोजन की जिम्मेदारी सचिव एवं व्यायाम शिक्षक जगदीश कुर्रे ने संभाली।
इस अवसर पर व्यायाम शिक्षक फागुराम साहू, कुंदन देवांगन, जय शंख, प्रीती साहू, सोमराज साहू सहित आरंग रग्बी फुटबाल क्लब की शोभा लोधी, तुलसी सोनवानी, हिमांशू लोधी, सोमनाथ लोधी, पवन साहू, गोपी पाल एवं क्लब के अन्य सदस्य और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
Live24Newscg