संस्कार और संस्कृति के रंग में रंगा शाला प्रवेश उत्सव, सरस्वती शिशु मंदिर आरंग में गूंजा ‘अरपा पैरी के धार
शिक्षा के साथ संस्कारों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल आरंग में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया।
आरंग। शिक्षा के साथ संस्कारों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल आरंग में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी भैया-बहनों का तिलक-वंदन एवं टॉफी वितरित कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा और विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ध्रुव कुमार मिर्धा, अध्यक्ष चर्म शिल्पकार बोर्ड एवं राज्य मंत्री दर्जा, अति विशिष्ट अतिथि डॉ. संदीप जैन, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद आरंग सहित अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में अतिथियों का श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं तिलक-वंदन कर स्वागत किया गया। इसके बाद विद्यालय के भैया-बहनों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ की लोक कला, संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक देखने को मिली, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि ध्रुव कुमार मिर्धा ने शाला प्रवेश उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर में शिक्षा के साथ संस्कारों पर विशेष जोर दिया जाता है। यहां का संस्कार और शिक्षा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन ने कहा कि शिशु मंदिर में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ संस्कार भी दिए जाते हैं। यही संस्कार आगे चलकर भैया-बहनों को समाज और देश के विकास में योगदान देने तथा अपना और देश का नाम गौरवान्वित करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम का प्रतिवेदन डॉ. हेडगेवार बाल कल्याण समिति आरंग के अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू ने प्रस्तुत किया। समापन से पूर्व उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों ने राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार’ का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम का समापन विद्यालय के व्यवस्थापक राजेश साहू द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। मंच संचालन श्रीमती सुषमा तिवारी एवं नितेश्वरी लोधी दीदी ने किया।
इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र लोधी, वीरेंद्र कंडरा, पार्षद प्रतिनिधि विक्रम परमार, पार्षद संतोष लोधी, खिलेश धुरंधर, तोषण साहू, पार्षद उमाकांत यादव, एल्डरमेन आनंद मूर्ति अग्रवाल, शंकर जलक्षत्रि, विद्यालय अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, व्यवस्थापक राजेश साहू, सह सचिव तेजराम जलक्षत्रि, कार्यकारिणी सदस्य कौशल चंद्राकर, कमलनारायण देवांगन, सुरेंद्र नशीने, कृष्ण कुमार भारद्वाज, पंकज शुक्ला, संतोष कुमार सोनी सहित विद्यालय प्रबंधकारिणी के सदस्य, अभिभावक एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Live24Newscg