सुप्रीम कोर्ट के ‘समाधान समारोह-2026’ में आपसी सहमति से सुलझेंगे लंबित मामले

न्याय को सरल, सुलभ और आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ‘समाधान समारोह-2026’ का आयोजन किया जा रहा है।

सुप्रीम कोर्ट के ‘समाधान समारोह-2026’ में आपसी सहमति से सुलझेंगे लंबित मामले

बिलासपुर। न्याय को सरल, सुलभ और आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ‘समाधान समारोह-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को सुप्रीम कोर्ट परिसर में विशेष लोक अदालत आयोजित होगी, जिसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति और सुलह के आधार पर निपटारा किया जाएगा।

इस विशेष लोक अदालत की तैयारी के तहत राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों तथा मध्यस्थता केंद्रों में पूर्व सुलह बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इन बैठकों में पक्षकार व्यक्तिगत रूप से या ऑनलाइन माध्यम से शामिल होकर प्रशिक्षित मध्यस्थों और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों की सहायता से विवादों का समाधान तलाश सकते हैं।

अधिवक्ताओं, वादकारियों और संबंधित पक्षों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है। जिन मामलों की सुनवाई सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है, उन्हें इस विशेष लोक अदालत में शामिल करने के लिए एक सरल गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। फॉर्म भरकर संबंधित पक्ष अपने मामले को समाधान समारोह-2026 में शामिल करा सकते हैं।

इस पहल का उद्देश्य न्यायिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, त्वरित और सौहार्दपूर्ण बनाते हुए आपसी सहमति के माध्यम से लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करना है।