मुंबई इंडियंस : जीत से शुरूआत, रिकार्ड्स की बौछार
आईपीएल के 19वें सीजन की शुरूआत 28 मार्च, 2026 से हो चुकी है। पहला मैच बैंगलोर और हैदराबाद के बीच खेला गया, जिसमें बैंगलोर ने शानदार जीत दर्ज की है।
आईपीएल के 19वें सीजन की शुरूआत 28 मार्च, 2026 से हो चुकी है। पहला मैच बैंगलोर और हैदराबाद के बीच खेला गया, जिसमें बैंगलोर ने शानदार जीत दर्ज की है। वहीं दूसरा मैच 29 मार्च को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया है। जिसमें मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा के 78 रनों की बेहतरीन पारी और रेयान रिकल्टन के शानदार 81 रनों की बदौलत 19.1 ओवर में 6 विकेट से जीत अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस ने अपने नाम कई रिकार्ड भी दर्ज कर ली है।
14 साल बाद पहला मुकाबले में जीतने में कामयाब हुई मुंबई
आईपीएल 2026 सीजन की शुरुआत मुंबई इंडियंस ने जीत के साथ की है। इसके साथ ही एक रिकार्ड में मुंबई के नाम दर्ज हो गया है, वह है इंडियन प्रीमियर लीग में 14 साल के बाद सीजन का अपना पहला मुकाबले जीतने का। 2012 के बाद यह पहला मौका था, जब मुंबई इंडियंस ने अपना पहला मौका जीता था।
केकेआर के खिलाफ 25वीं जीत
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ मुंबई इंडियंस का आईपीएल इतिहास में यह 25वीं जीत रही। इसके साथ मुंबई इंडियंस पहली ऐसी टीम बन गई है जो आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ 25 मुकाबले जीतने में कामयाब हो सकी है। इसके अलावा एक वेन्यू पर आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने के मामले में भी मुंबई इंडियंस के नाम पर ही ये रिकॉर्ड दर्ज है, जिसमें उन्होंने केकेआर के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 13 मैचों में 11वीं जीत हासिल की है।
सबसे बड़ा टारगेट चेज
मुंबई इंडियंस को इस मैच में केकेआर की टीम ने 221 रनों का बड़ा टारगेट दिया था, जिसे वह हासिल करने में सफल रहे। इसी के साथ मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में अपना सबसे बड़ा टारगेट चेज करने के मामले में नया रिकॉर्ड भी बना दिया। इससे पहले मुंबई इंडियंस ने साल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 219 रनों के टारगेट को हासिल किया था। वानखेड़े स्टेडियम में भी ये आईपीएल इतिहास का अभी तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी बन गया है, जिसमें इससे पहले मुंबई इंडियंस ने साल 2013 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में 213 रनों का टारगेट हासिल किया था।
पहले विकेट के लिए तीसरे सबसे बड़ी साझेदारी
सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और रियान रिकल्टन के बीच पहले विकेट के लिए 148 रनों की पार्टनरशिप हुई। ये मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है और पहले विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। साल 2012 में रोहित शर्मा और हर्षल गिब्स के बीच नाबाद 167 रनों की भागेदारी हुई थी, जो पहले नंबर पर है। साल 2012 में ही सचिन तेंदुलकर और ड्वोन स्मिथ के बीच पहले विकेट के लिए नाबाद 163 रनों की साझेदारी दूसरे नंबर पर आती है। अब रोहित और रियान का नंबर तीसरे स्थान पर आ गया है। साल 2024 में सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने मिलकर चौथे विकेट के लिए नाबाद 143 रन जोड़े थे।
रोहित शर्मा का सबसे तेज अर्धशतक
इस सीजन एक पहले ही मैच में रोहित शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। रोहित ने केवल 23 बॉल पर ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। जो उनका आईपीएल में सबसे तेज पचास है। इससे पहले उन्होंने साल 2015 में सीएसके के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डेंस में 25 बॉल पर अर्धशतक लगाने में कामयाबी हासिल की थी, जिसे उन्होंने खुद ही पीछे छोड़ दिया है। रोहित ने 38 बॉल पर 78 रनों की धमाकेदार पारी खेली।
एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने रोहित
रोहित शर्मा ने केकेआर के खिलाफ इस मुकाबले में अपनी 78 रनों की बेहतरीन पारी में 6 चौके लगाने के साथ 6 छक्के भी लगाए। अब रोहित शर्मा आईपीएल के इतिहास में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, जिसमें उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ा है। रोहित के नाम केकेआर के खिलाफ कुल 1161 रन दर्ज हैं, जबकि विराट कोहली जो दूसरे नंबर पर आ गए हैं उन्होंने आईपीएल में पंजाब किंग्स के खिलाफ कुल 1159 रन बनाए हैं। इसके अलावा विराट कोहली ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 1146 रन, डेविड वॉर्नर ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 1134, विराट कोहली ने ही दिल्ली कैपिटल्स 1130 रन और डेविड वॉर्नर ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 1093 रनों की शानदार पारी खेली है।
रोहित आईपीएल में 50 फिफ्टी प्लस स्कोर करने वाले चौथे खिलाड़ी
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबले में रोहित शर्मा ने जैसे ही अपनी फिफ्टी पूरी की उसी के साथ वह आईपीएल के इतिहास में 50 फिफ्टी प्लस स्कोर करने वाले अब तक के सिर्फ चौथे खिलाड़ी बन गए। रोहित से पहले ये कारनामा विराट कोहली (72), डेविड वॉर्नर (66) और शिखर धवन (53) कर चुके हैं, जिसमें कोहली 72 फिफ्टी प्लस स्कोर के साथ पहले नंबर पर काबिज हैं।
फ्रेंचाइजी क्रिकेट में 300वां मुकाबला खेलने वाली पहली टीम बनी मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस जिनकी गिनती आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम में किया जाता है, जिसमें उन्होंने अब तक 5 बार ट्रॉफी को अपने नाम किया है। अब मुंबई इंडियंस की टीम टी20 फ्रेंचाइजी क्रिकेट में पहली ऐसी टीम बन गई है जो 300 मुकाबले खेलने में कामयाब हो सकी है। वहीं टी20 क्रिकेट में देखा जाए तो मुंबई इंडियंस इस मामले में पाकिस्तान और समरसेट के बाद तीसरी ऐसी टीम बनी है जिसने अपना 300वां टी20 मैच खेला। मुंबई इंडियंस ने अब तक आईपीएल में जहां कुल 278 मुकाबले खेले हैं तो वहीं इसके अलावा 22 मैच उन्होंने चैंपियंस लीग टी20 में खेले हैं।
Live24Newscg