श्री राधा-कृष्ण मंदिर में धूमधाम से मनाया गया शरद पूर्णिमा महोत्सव
नगर के प्राचीन श्री राधा-कृष्ण मंदिर में शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया।
आरंग। नगर के प्राचीन श्री राधा-कृष्ण मंदिर में शरद पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। श्रीमती दुलाराबाई एवं जौजे अमानसिंह द्वारा वर्ष 1896 में स्थापित इस ऐतिहासिक मंदिर में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी रात्रि 8 बजे से विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किया गया। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

मंदिर के सर्वराकार सावन शुक्ला ने बताया कि महोत्सव का मुख्य आकर्षण भव्य रास-गरबा एवं डांडिया आयोजन रहा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवान श्रीकृष्ण की सखियों के रूप में आकर्षक वेशभूषा में सजी महिलाओं एवं युवतियों ने डांडिया के साथ महारास की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भक्तिमय संगीत और रास-गरबा से पूरा मंदिर परिसर आनंद और उत्साह से गूंज उठा।
धार्मिक आयोजन के अंत में भगवान श्री राधा-कृष्ण की महाआरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को खीर एवं प्रसाद वितरित किया गया। भक्तों ने भगवान के दर्शन कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। महोत्सव को गरिमामय एवं सफल बनाने में मंदिर के ट्रस्टी सतीश अग्रवाल, राकेश गुप्ता, बृजेश सोनी, बृजेश अग्रवाल, अर्पित चौधरी एवं अरविंद गुप्ता ने सपरिवार उपस्थित होकर सराहनीय योगदान दिया। आयोजन ने नगर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत करते हुए श्रद्धालुओं में भक्ति और उत्साह का संचार किया।
Live24Newscg