अवैध शराब तस्करी पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
100 पाव देशी मसाला शराब और परिवहन में प्रयुक्त बाइक जब्त
आरंग। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत आरंग आबकारी वृत्त की टीम ने 26 अगस्त को समोदा-चपरीद मार्ग पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। टीम ने आरोपियों के कब्जे से 100 पाव देशी मसाला शराब सहित परिवहन में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की है।
आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान टीम ने समोदा से चपरीद मार्ग पर तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इनमें दो स्थानों पर तलाशी के दौरान कोई अवैध मदिरा बरामद नहीं हुई, जबकि एक स्थान पर अवैध शराब के परिवहन का मामला सामने आया।
कार्रवाई के दौरान ग्राम समोदा वार्ड क्रमांक 5 निवासी रमेश कुमार टंडन (22), पिता दिलीप टंडन और आकाश बंजारे (24), माता सुरेखा बंजारे को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी में उनके कब्जे से गिधपुरी कंपोजिट मदिरा दुकान की 100 पाव देशी मदिरा मसाला ‘सवा शेरा’ बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 18 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 10 हजार रुपये है।
शराब के परिवहन में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल को भी आबकारी टीम ने जब्त किया है। विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की विवेचना आबकारी उप निरीक्षक प्रीति कुशवाहा द्वारा की जा रही है। कार्रवाई में आबकारी आरक्षक कृष्णकुमार गढ़वाल, झरना साहू और दीपक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही
Live24Newscg