कलेक्टर ने भखारा तहसील के 5 धान खरीदी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने आज भखारा तहसील अंतर्गत संचालित धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर धान खरीदी व्यवस्था की गहन समीक्षा की।

कलेक्टर ने भखारा तहसील के 5 धान खरीदी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
रकबा समर्पण, टोकन कटान एवं धान उठाव की प्रक्रिया की ली विस्तृत जानकारी

धमतरी। कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने आज भखारा तहसील अंतर्गत संचालित धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर धान खरीदी व्यवस्था की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी केंद्र डोमा, बगदेही, कोसमर्रा, भखारा एवं सेमरा (बी समितियां) पहुंचकर खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

     निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने टोकन कटान की स्थिति, किसानों द्वारा धान विक्रय, रकबा समर्पण, भंडारण क्षमता तथा धान उठाव की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों से व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर एसडीएम कुरूद  नभसिंह कोसले, डिप्टी कलेक्टर  मनोज मरकाम सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।   रकबा समर्पण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं फर्जी बिक्री पर सख्त नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 कलेक्टर  मिश्रा ने यह भी निर्देशित किया कि जिन किसानों द्वारा पहली बार धान बिक्री हेतु टोकन कटवाया गया है, उनके खेतों एवं निवास स्थल पर जाकर राजस्व अधिकारियों द्वारा फसल का अनिवार्य भौतिक सत्यापन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्यापन के दौरान यदि अवैध धान विक्रय अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

  निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की सूक्ष्म समीक्षा करते हुए धान उठाव की प्रक्रिया में और तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि खरीदे गए धान का समय पर परिवहन हो सके और किसानों को भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।

  उल्लेखनीय है कि कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने बीते  सोमवार की देर शाम भी धान खरीदी व्यवस्था की सतत निगरानी के तहत धमतरी में औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।