शुष्क दिवस पर दोगुने दाम में शराब बेचने की तैयारी, आरंग पुलिस ने 5 कोचियों को दबोचा

जन्माष्टमी के अवसर पर घोषित शुष्क दिवस का फायदा उठाकर अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ आरंग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।

शुष्क दिवस पर दोगुने दाम में शराब बेचने की तैयारी, आरंग पुलिस ने 5 कोचियों को दबोचा
अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई, 97 पाव देशी मसाला शराब और बाइक जब्त

आरंग। जन्माष्टमी के अवसर पर घोषित शुष्क दिवस का फायदा उठाकर अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ आरंग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 5 शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 97 पाव देशी मसाला शराब (17.460 बल्क लीटर), जिसकी कीमत करीब 9,700 रुपये है, बरामद की गई है। शराब के अवैध परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई

तामासिवनी निवासी वामन तारक (35 वर्ष) के कब्जे से 20 पाव देशी मसाला शराब तथा बिक्री की रकम 200 रुपये बरामद की गई। आरंग के इंदिरा चौक निवासी अमित मिर्धा (35 वर्ष) को स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 JA 7679 से 21 पाव देशी मसाला शराब का अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल और शराब जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।


घिवरा, थाना खरोरा निवासी राजू बघेल (30 वर्ष) के पास से 21 पाव देशी मसाला शराब तथा बिक्री रकम 300 रुपये जब्त की गई।
वहीं शीतलापारा, आरंग निवासी गोवर्धन निषाद (28 वर्ष) और राजकुमार निषाद (40 वर्ष) के कब्जे से 35 पाव देशी मसाला शराब तथा 500 रुपये बिक्री रकम बरामद हुई।

शुष्क दिवस का फायदा लेने के फिराक़ में थे आरोपी

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों द्वारा शुष्क दिवस के दौरान शराब की मांग बढ़ने का फायदा उठाकर अवैध रूप से शराब लाकर अधिक कीमत पर बेचने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है। गोवर्धन निषाद और राजकुमार निषाद के विरुद्ध अपराध क्रमांक 406/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।