बिहान योजना से बदली कैकई दीदी की तकदीर
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के माध्यम से आज ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के माध्यम से आज ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। विकासखंड पिथौरा के ग्राम पंचायत अठारहगुड़ी की कैकई दीदी इसकी एक उदाहरण हैं।
हस्तकला महिला स्व सहायता समूह की सदस्य कैकई नाग बताती है कि समूह से जुड़ने के पहले उनके पास आजीविका का कोई स्थायी साधन नहीं था। वे परिवार के भरण-पोषण के लिए कृषि मजदूरी पर निर्भर थीं, जिससे नियमित आय का कोई सुनिश्चित जरिया नहीं था। इसी दौरान बिहान योजना के अंतर्गत सीआरपी चक्र के दौरान गांव में स्व-सहायता समूह गठन की प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान ग्राम अठारहगुड़ी की आजीविका गतिविधियों में रुचि रखने वाली महिलाओं ने आपसी चर्चा कर 10 सदस्यों का एक समूह गठित करने का निर्णय लिया गया और 22 जुलाई 2018 को हस्तकला महिला स्व-सहायता समूह का गठन किया गया। सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के आधार पर कैकई दीदी को समूह का अध्यक्ष तथा सोहद्रा ध्रुव को सचिव नियुक्त किया गया।
कैकई दीदी बताती है कि समूह से जुड़ने के बाद उन्हें बिहान योजना के विभिन्न कार्यक्रमों, बचत की आदत और आजीविका के नए अवसरों की जानकारी प्राप्त हुई। समूह की परिपक्वता अवधि पूर्ण होने के बाद जिला पंचायत द्वारा समूह को रिवॉल्विंग फंड के रूप में 15 हजार रुपए तथा कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड के रूप में 60 हजार रुपए प्रदान किए गए। इसके साथ ही समूह को बैंक के माध्यम से 3 लाख रुपए का ऋण भी प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहयोग से उन्होंने सेंट्रिंग प्लेट का कार्य शुरू किया और साथ ही च्वाइस सेंटर एवं स्टेशनरी दुकान का संचालन भी प्रारंभ किया।
आज कैकई दीदी का यह व्यवसाय अच्छी तरह संचालित हो रहा है और इससे उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है। उनके इस कार्य में परिवार के सभी सदस्य सहयोग करते हैं, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में काफी मजबूत हुई है। कैकई दीदी और उनके समूह की अन्य सदस्य बताती हैं कि बिहान योजना से जुड़ने के बाद उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है, आपसी सामंजस्य और एकजुटता की भावना मजबूत हुई है तथा वे स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। समूह की सभी सदस्य एक स्वर में कहते हैं कि बिहान योजना ने उन्हें नई दिशा और पहचान दी है। वे इस योजना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।
Live24Newscg