मानसून फिर सक्रिय: बिलासपुर में 28 सेमी बारिश, रायपुर समेत कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। शुक्रवार को राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही, जबकि बिलासपुर में 28 सेंटीमीटर बारिश दर्ज होने से बाढ़ जैसे हालात बन गए। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं और घरों में पानी घुसने की खबरें सामने आई हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने रायपुर, बलौदाबाजार, बेमेतरा, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद और सक्ती जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजधानी रायपुर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून द्रोणिका अमृतसर से होकर पटना और बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। वहीं उत्तर पाकिस्तान के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और निम्न दबाव प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज हुई हैं। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।
Live24Newscg