महानदी में बढ़ा जलस्तर, निसदा में बाढ़ के पानी में फंसे परिवार के 6 लोगों का रेस्क्यू

क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते महानदी का जलस्तर बढ़ गया है।

महानदी में बढ़ा जलस्तर, निसदा में बाढ़ के पानी में फंसे परिवार के 6 लोगों का रेस्क्यू
आरंग के ग्राम निसदा में गांव के भीतर पहुंचा महानदी का पानी, SDRF ने चलाया राहत-बचाव अभियान; दो बच्चे और दो बुजुर्ग भी शामिल

वीरेंद्र वर्मा आरंग। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते महानदी का जलस्तर बढ़ गया है। महानदी के कैचमेंट एरिया में लगातार बारिश का असर अब नदी किनारे बसे गांवों में दिखाई देने लगा है। आरंग के ग्राम निसदा में महानदी का पानी गांव के भीतर पहुंचने से एक परिवार के छह सदस्य बाढ़ के पानी में फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, महानदी का जलस्तर बढ़ने के बाद ग्राम निसदा के निचले इलाकों में पानी पहुंच गया। इसी दौरान एक परिवार के छह सदस्य बाढ़ के पानी में फंस गए। परिवार के बाढ़ में फंसे होने की सूचना पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ के जवानों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया।


एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बाढ़ के पानी में फंसे परिवार के सभी छह सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए लोगों में दो बच्चे और दो बुजुर्ग भी शामिल हैं। समय रहते प्रशासन को सूचना मिलने और राहत-बचाव टीम के पहुंचने से सभी लोगों को सुरक्षित निकाला जा सका।
महानदी के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन की नजर


महानदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के निचले इलाकों की स्थिति पर नजर बनाए रखी है। नदी किनारे बसे ग्रामीणों को सतर्क रहने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।