मुख्यमंत्री कार्यक्रम एवं अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन रूट की तैयारियों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

कलेक्टर नम्रता जैन ने 31 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री कार्यक्रम एवं अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के पांचवें संस्करण की तैयारियों को लेकर मैराथन रूट एवं कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री कार्यक्रम एवं अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन रूट की तैयारियों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
अधिकारियों को दिये तैयारी पूर्ण करने संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश

नारायणपुर। कलेक्टर नम्रता जैन ने 31 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री कार्यक्रम एवं अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन के पांचवें संस्करण की तैयारियों को लेकर मैराथन रूट एवं कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुराना बस स्टैण्ड, जय स्तंभ चौक, माड़िया चौक, बाजार स्थल बखरूपारा, अटल परिसर, जगदीश मंदिर, सोनपुर रोड, चांदनी चौक, नगरपालिका कार्यालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम, इमलीपदर, ब्रेहबेड़ा, कुरूषनार होते हुए बासिंग स्थित समापन स्थल का जायजा लिया।

कलेक्टर जैन ने जिला स्तरीय अधिकारियों को कार्यक्रम की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर मंच, पंडाल एवं साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, बेरिकेटिंग, सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रशस्ति पत्र, मेडल वितरण तथा सड़क मरम्मत तथा जैसे सभी कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने मैराथन दौड़ मार्ग में बनाये जाने वाले स्वागत प्वाइंट का अवलोकन करते हुए उपस्थित अधिकारियों को समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अबूझमाड़ क्षेत्र के प्रवेश द्वार कुरूषनार स्थित उचित मूल्य दुकान के रंग-रोगन कराने तथा बालक आश्रम में अतिरिक्त कक्ष एवं शौचालय निर्माण के लिए जनपद सीईओ को निर्देशित किया। इसके पश्चात उन्होंने कुंदला पहुंचकर मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल का भी अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्यकार्यपालन अधिकारी आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई, एसडीएम अभयजीत मण्डावी, डॉ. सुमित गर्ग, डिप्टी कलेक्टर डीके कोशले, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता संजय चौहान, आरईएस के कार्यपालन अभियंता रमेश कुमार नेताम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।