भीषण अग्निकांड में घर राख, परिवार हुआ बेघर
जिले के जिरमपाल पंचायत के डब्बारास गांव में सोमवार शाम हुए अग्निकांड ने एक परिवार को बेघर कर दिया। शाम करीब छह बजे अज्ञात कारणों से एक मकान में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते घर को अपनी चपेट में ले लिया।
सुकमा । जिले के जिरमपाल पंचायत के डब्बारास गांव में सोमवार शाम हुए अग्निकांड ने एक परिवार को बेघर कर दिया। शाम करीब छह बजे अज्ञात कारणों से एक मकान में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका।
अग्निकांड में घर में रखा नकद, जरूरी दस्तावेज, कपड़े, खाद्यान्न और घरेलू उपयोग का लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार के पास रोजमर्रा के उपयोग की आवश्यक वस्तुएं भी नहीं बचीं, जिससे उनके सामने रहने और जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, खाद्यान्न, तिरपाल, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री देने की अपील की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन से नुकसान का आकलन कर शीघ्र राहत प्रदान किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
Live24Newscg