आईजी बालाजी राव ने की रेंज की समीक्षा, बेहतर पुलिसिंग के दिए निर्देश

नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद पहली बार मोहला-मानपुर जिले में राजनांदगांव पुलिस रेंज की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बालाजी राव ने की।

आईजी बालाजी राव ने की रेंज की समीक्षा, बेहतर पुलिसिंग के दिए निर्देश

मोहला-मानपुर । नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद पहली बार मोहला-मानपुर जिले में राजनांदगांव पुलिस रेंज की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) बालाजी राव ने की। इसमें राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कबीरधाम और मोहला-मानपुर के पुलिस अधीक्षकों सहित रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

स्थानीय पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर में आयोजित बैठक में बेहतर पुलिसिंग, तकनीक आधारित जनोन्मुखी पुलिस व्यवस्था, लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण, कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में नवाचारों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई। विशेष रूप से पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान चारों जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने अपने-अपने जिलों में संचालित नवाचारों का प्रस्तुतीकरण किया। आईजी बालाजी राव ने सफल नवाचारों को आवश्यकता अनुसार पूरे रेंज में लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित अपराध, शिकायतों, सीएम हेल्पलाइन 1076, CCTNS प्रशिक्षण, रेडियो कम्युनिकेशन और अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर मोहला-मानपुर जिले की डिस्ट्रिक्ट प्रोफाइल बुक का विमोचन भी किया गया। बैठक के बाद कलेक्टर तूलिका प्रजापति की उपस्थिति में आईजी बालाजी राव और अन्य अधिकारियों ने रक्षित केंद्र परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

बैठक में राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, मोहला-मानपुर के पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह सहित रेंज के अन्य राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।