उन्नत प्रौद्योगिकी की मदद से रसद प्रबंधन को कुशल बनाएं अधिकारी : मुर्मु
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बढते वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के बीच नौसेना की विभिन्न सेवाओं से जुड़े अधिकारियों से उन्नत प्रौद्योगिकी की मदद से रसद प्रबंधन को कुशल बनाये जाने पर बल दिया है।

नई दिल्ली । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बढते वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के बीच नौसेना की विभिन्न सेवाओं से जुड़े अधिकारियों से उन्नत प्रौद्योगिकी की मदद से रसद प्रबंधन को कुशल बनाये जाने पर बल दिया है। श्रीमती मुर्मु ने सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में भारतीय नौसेना सामग्री प्रबंधन सेवा और भारतीय नौसेना आयुध सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों से मुलाकात की।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि बढते वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के दौर में देश समुद्री सहयोग बढ़ा रहे हैं और संयुक्त अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर भारत के बड़ी भूमिका हासिल करने के साथ, नौसेना सामग्री प्रबंधन सेवा और नौसेना आयुध सेवा के अधिकारी उन्नत प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाकर कुशल रसद प्रबंधन के माध्यम से भारतीय नौसेना की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।