खाद की उपलब्धता और धान उठाव को लेकर कांग्रेस मुखर, समितियों में पहुंचकर ली व्यवस्थाओं की जानकारी

किसानों को खाद की उपलब्धता और मंडियों में धान के उठाव में हो रही दिक्कतों को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है।

खाद की उपलब्धता और धान उठाव को लेकर कांग्रेस मुखर, समितियों में पहुंचकर ली व्यवस्थाओं की जानकारी

आरंग। किसानों को खाद की उपलब्धता और मंडियों में धान के उठाव में हो रही दिक्कतों को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की कृषि उपज मंडी तथा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों का दौरा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समितियों में यूरिया, डीएपी सहित अन्य रासायनिक खाद की उपलब्धता और किसानों को इसके वितरण की स्थिति के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके साथ ही मंडी में खरीदी गई धान के उठाव की स्थिति भी देखी गई। इस दौरान समिति कर्मचारियों और मौके पर मौजूद किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानी गईं।


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खेती के सीजन में किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना जरूरी है। खाद के लिए किसानों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए संबंधित विभाग और समिति प्रबंधन को पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। वहीं मंडियों में खरीदी गई धान का समय पर उठाव नहीं होने से किसानों और मंडी व्यवस्था दोनों पर असर पड़ सकता है।
किसानों की परेशानी पर कांग्रेस ने जताई चिंता
ब्लॉक कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर किसानों से जुड़ी समस्याओं की जमीनी स्थिति जानने का प्रयास किया जा रहा है। डॉ. शिवकुमार डहरिया के मार्गदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार सक्रिय हैं और जरूरत पड़ने पर उनकी आवाज प्रशासन तक पहुंचाई जाएगी।
व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित अधिकारियों और समिति कर्मचारियों से खाद की उपलब्धता तथा धान उठाव की व्यवस्था में तेजी लाने की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को समय पर पर्याप्त खाद नहीं मिली और मंडियों में धान के उठाव की गति नहीं बढ़ाई गई, तो कांग्रेस किसानों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग शहर अध्यक्ष खिलावन निषाद, ग्रामीण अध्यक्ष कोमल सिंग साहू, वरिष्ठ नेता मंगल मूर्ति अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष भरत लोधी, भारती देवांगन, मंजू चंद्राकर, पार्षद ईश्वर पटेल, पूर्व पार्षद दीपक चंद्राकर, राम मोहन लोधी, पार्षद प्रतिनिधि सूरज सोनकर, देवेंद्र धृतलहरें, चमन कोसले, डोमन ध्रुव, संतु जलक्षत्रि, मनेश कंडरा और परस कोसले सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।