आरंग महाविद्यालय में 68 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण
नगर के बद्री प्रसाद लोधी कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय, आरंग में बुधवार को आयोजित दीक्षारंभ एवं लोकार्पण समारोह में करीब 68 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल रहे।
आरंग। नगर के बद्री प्रसाद लोधी कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय, आरंग में बुधवार को आयोजित दीक्षारंभ एवं लोकार्पण समारोह में करीब 68 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल रहे। समारोह की अध्यक्षता उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने की, जबकि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में महाविद्यालय परिसर में तैयार राष्ट्रीय स्तर के टेबल टेनिस हॉल, जिम्नेजियम और कैंटीन सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही करीब 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित स्मार्ट क्लास का भी उद्घाटन किया गया। मंचीय कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अभया आर. जोगलेकर ने संस्थान की शैक्षणिक स्थिति और आवश्यकताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में वर्तमान में करीब 2400 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें लगभग 1800 छात्राएं हैं। प्राचार्य ने होम साइंस सहित नए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने, कौशल एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के विस्तार, स्थायी डोम, सर्वसुविधायुक्त सेमिनार हॉल, जर्जर बाउंड्रीवॉल के पुनर्निर्माण तथा विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए अतिरिक्त शौचालय निर्माण की मांग रखी।
सांसद निधि से 10 लाख की घोषणा

महाविद्यालय की मांगों पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विकास कार्यों के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं डोम निर्माण के लिए स्थानीय विधायक निधि से 10 लाख रुपये तथा शौचालय निर्माण के लिए स्थानीय निकाय से 5 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। नए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए सांसद ने उच्च शिक्षा विभाग के स्तर पर आवश्यक बजट प्रावधान कराने का आग्रह किया।
उच्च शिक्षा को हुनर और संस्कार से जोड़ने पर जोर
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि आज के समय में उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं होना चाहिए। वर्तमान दौर में अभिभावक अपने बच्चों को बेहतर भविष्य और करियर के लिए शिक्षित कर रहे हैं, इसलिए उच्च शिक्षण संस्थानों की भूमिका भी व्यापक हुई है।
उन्होंने कहा कि कॉलेज केवल डिग्री प्रदान करने के केंद्र न रहें, बल्कि संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और संस्कृति-परंपराओं से जुड़ाव विकसित करने के केंद्र बनें। विद्यार्थियों में परिवार, समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य होना चाहिए।
अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ना समय की आवश्यकता है। विद्यार्थियों को ऐसे कौशल और हुनर से लैस किया जाना चाहिए, जिससे वे नौकरी के साथ आवश्यकता पड़ने पर स्वरोजगार अथवा अपना व्यवसाय भी शुरू कर सकें।
मंत्रियों ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दीक्षारंभ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाविद्यालयों में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के कौशल विकास और रोजगारपरक क्षमताओं को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूत करने में सहायक होगा।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के दौर में डिग्री के साथ कौशल का होना भी जरूरी है। युवाओं को तकनीकी एवं रोजगारपरक शिक्षा से जोड़कर उन्हें बदलते रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जाना चाहिए।
लोधी समाज की दानदात्री दुकलहीन बाई लोधी का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान लोधी समाज की दानदात्री दुकलहीन बाई लोधी का अतिथियों द्वारा शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। अतिथियों ने उनके योगदान का स्मरण करते हुए सम्मान किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी सम्मान समारोह का स्वागत किया।
इस अवसर पर चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, नगर अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, उपाध्यक्ष हिरामन कोसले, पार्षदगण, भाजपा मंडल के पदाधिकारी, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Live24Newscg