अपनी ही सत्ता में नगर पालिका के खिलाफ भाजपा पार्षदों ने खोला मोर्चा।
नगर पालिका परिषद आरंग में सत्ताधारी भाजपा के ही पार्षद अब नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर मुखर हो गए हैं। शहर में कथित अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नाराज भाजपा के 10 पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर मोर्चा खोल दिया है।
आरंग वीरेंद्र वर्मा नगर पालिका परिषद आरंग में सत्ताधारी भाजपा के ही पार्षद अब नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर मुखर हो गए हैं। शहर में कथित अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नाराज भाजपा के 10 पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर मोर्चा खोल दिया है। पार्षदों ने एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर नगर पालिका परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के नीचे धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
खास बात यह है कि नगर पालिका में भाजपा सत्ता में है, इसके बावजूद पार्टी के पार्षदों को ही नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ धरना देने की चेतावनी देनी पड़ रही है। ऐसे में पार्षदों के इस कदम ने नगर की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए पत्र में पार्षदों ने कहा है कि नगर क्षेत्र में अवैध निर्माण एवं अवैध प्लाटिंग को लेकर उनके द्वारा लगातार लिखित शिकायतें दी गई हैं। साथ ही संबंधित मामलों में कार्रवाई की मांग भी की जाती रही है। आरोप है कि लंबा समय बीतने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

भाजपा पार्षदों ने नगर पालिका प्रशासन को स्पष्ट रूप से एक सप्ताह का समय दिया है। उन्होंने कहा है कि इस अवधि में संबंधित अवैध निर्माण एवं अवैध प्लाटिंग के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई कर पार्षद दल को इसकी जानकारी दी जाए। ऐसा नहीं होने पर सभी पार्षद नगर पालिका परिषद परिसर स्थित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के नीचे धरना-प्रदर्शन करेंगे।
नगर पालिका परिषद में भाजपा की सत्ता होने के बीच पार्टी के 10 पार्षदों का इस तरह खुलकर सामने आना राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आमतौर पर विपक्ष नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर प्रदर्शन और आंदोलन करता है, लेकिन यहां सत्ताधारी दल के पार्षदों ने ही कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाकर धरने का अल्टीमेटम दिया है।
Live24Newscg