समोदा में जब्त 35.05 मीट्रिक टन खाद की नीलामी टली, भड़के किसानों ने किया चक्काजाम

विकासखंड आरंग के ग्राम समोदा स्थित मेसर्स महानदी बीज भंडार में जब्त 35.05 मीट्रिक टन उर्वरक की प्रस्तावित लोक नीलामी गुरुवार को नहीं हो सकी।

समोदा में जब्त 35.05 मीट्रिक टन खाद की नीलामी टली, भड़के किसानों ने किया चक्काजाम
नीलामी नहीं होने से समोदा-लवन मार्ग पर लगा जाम, प्रशासन के समझाने पर बहाल हुआ यातायात

आरंग। विकासखंड आरंग के ग्राम समोदा स्थित मेसर्स महानदी बीज भंडार में जब्त 35.05 मीट्रिक टन उर्वरक की प्रस्तावित लोक नीलामी गुरुवार को नहीं हो सकी। नीलामी की सूचना पर बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों को जब मौके पर पता चला कि नीलामी स्थगित कर दी गई है, तो उन्होंने आक्रोशित होकर समोदा के मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
नीलामी की सूचना मिलने पर समोदा सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों किसान इस उम्मीद के साथ पहुंचे थे कि उन्हें खरीफ सीजन के लिए खाद मिल सकेगी। नीलामी नहीं होने की जानकारी मिलने पर किसानों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और आरंग थाना प्रभारी सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।


समोदा के नायब तहसीलदार टोमन मनहरे ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार गुरुवार को जब्त खाद की लोक नीलामी प्रस्तावित थी, लेकिन उसी दिन कलेक्टर की बैठक होने के कारण प्रशासनिक अधिकारी बैठक में व्यस्त थे। इसलिए नीलामी को दूसरे दिन कराने का प्रस्ताव रखा गया। नीलामी स्थगित होने की सूचना पर किसान आक्रोशित हो गए थे। उन्होंने बताया कि फिलहाल चक्काजाम समाप्त हो चुका है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।