कुर्मी समाज की प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच: राज्य से केंद्रीय स्तर तक होगी गीत-संगीत और नृत्य प्रतियोगिता
छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज ने समाज के युवक-युवतियों और बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए राज्यस्तरीय गीत, संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा की है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज ने समाज के युवक-युवतियों और बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने के लिए राज्यस्तरीय गीत, संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा की है। प्रतियोगिता का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करना, युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें बड़ा मंच उपलब्ध कराना है।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता में एकल गायन, युगल गायन, समूह गायन और समूह नृत्य की अलग-अलग विधाएं रहेंगी। इसका पहला चरण राज स्तर पर आयोजित होगा, जहां राज प्रधान और सांस्कृतिक प्रभारी की निगरानी में प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिभागी आगे केंद्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
सबसे आकर्षक पहलू यह है कि केंद्रीय स्तर पर प्रथम आने वाले विजेताओं को समाज के बनने वाले गीत-संगीत एल्बम में गाने, नृत्य और अभिनय करने का अवसर दिया जाएगा। इससे प्रतिभागियों को अपनी कला के दम पर पहचान और प्रसिद्धि हासिल करने का मौका मिलेगा।
दो आयु वर्ग में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता को दो वर्गों में बांटा गया है—
जूनियर: 6 से 14 वर्ष
सीनियर: 14 से 32 वर्ष
प्रस्तुति की समय सीमा 3 से 5 मिनट निर्धारित की गई है। प्रतिभागी अपनी प्रस्तुति वाद्य यंत्रों के साथ या रिकॉर्डिंग ट्रैक पर दे सकेंगे।
समूह प्रस्तुति के लिए 6 से 10 सदस्य जरूरी
सामूहिक गीत-नृत्य प्रतियोगिता में कम से कम 6 और अधिकतम 10 सदस्य शामिल हो सकेंगे। प्रतिभागियों को मंच पर वही गीत प्रस्तुत करना होगा, जिसके बोल पंजीयन के समय लिखित रूप में जमा कराए जाएंगे।
पंजीयन के लिए जरूरी दस्तावेज
प्रतिभागियों को अपने राज स्तर पर पंजीयन कराना होगा। इसके लिए ये दस्तावेज अनिवार्य होंगे—
आयु प्रमाण पत्र
आधार कार्ड नंबर
2 पासपोर्ट साइज फोटो
अनुशासन और शालीन वेशभूषा अनिवार्य
आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि प्रतिभागियों की वेशभूषा शालीन होनी चाहिए। मंच के पीछे अनुशासन बनाए रखना अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार की बहस या दुर्व्यवहार की स्थिति में पंजीयन निरस्त किया जा सकता है।
प्रतियोगिता स्थल पर प्रतिभागियों को समय से 2 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य किया गया है। निर्णायक मंडल का फैसला अंतिम और सर्वमान्य होगा।
यह जानकारी केंद्रीय सांस्कृतिक प्रभारी चंद्रभूषण वर्मा ने देते हुए समाज के सभी प्रतिभाशाली युवक-युवतियों से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की
Live24Newscg