₹16 लाख हड़पकर दो साल से फरार था कलेक्शन एजेंट, रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार
फरार वारंटियों और लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान में मौदहापारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
रायपुर। फरार वारंटियों और लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान में मौदहापारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹16 लाख की राशि हड़पने के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी अमित सिंह (41), पिता सुरेंद्र सिंह* को गिरफ्तार किया है। आरोपी को रायपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से पकड़ा गया।
पुलिस के मुताबिक अमित सिंह शारदा चौक स्थित नमन डिस्ट्रीब्यूटर्स में वर्कर और कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करता था। 24 मई 2024 को दुकान संचालक ने उसे यूको बैंक में जमा कराने के लिए दुकान की कलेक्शन राशि ₹1 लाख और दिल्ली से आए व्यापारी संजय वर्मा से प्राप्त ₹15 लाख, कुल ₹16 लाख सौंपे थे।
आरोप है कि अमित ने रकम बैंक में जमा करने के बजाय बेईमानी से अपने पास रख ली और फरार हो गया। मामले में 27 मई 2024 को मौदहापारा थाने में अपराध क्रमांक 173/2024, धारा 406 और 408 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
दो साल से तलाश में जुटी थी पुलिस
अपराध दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान *19 अगस्त 2026 की देर रात* मुखबिर से आरोपी के रायपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर अमित सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे *रिमांड पर भेज दिया गया।*
फरार आरोपियों पर लगातार कार्रवाई
डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देश पर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा फरार वारंटियों और लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि ऐसे आरोपियों की लगातार पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Live24Newscg