DEO के आदेश की अनदेखी! संलग्नीकरण समाप्त होने के बाद भी शिक्षकों को कार्यमुक्त नहीं किया, कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने उठाए सवाल !
आरंग विकासखंड में नियमों के उल्लंघन का आरोप, BEO को सौंपा ज्ञापन; कार्रवाई और रिपोर्ट की मांग I
वीरेंद्र वर्मा, आरंग। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने आरंग विकासखंड में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) रायपुर के संलग्नीकरण समाप्त करने संबंधी आदेश के पालन में कथित लापरवाही पर कड़ी आपत्ति जताई है। फेडरेशन के आरंग संयोजक माणिक लाल मिश्रा ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) आरंग को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि आदेश जारी होने के बाद भी कई शिक्षकों और कर्मचारियों को उनकी मूल पदस्थापना वाले विद्यालयों के लिए कार्यमुक्त नहीं किया गया है।
फेडरेशन के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर द्वारा आदेश क्रमांक/स्था./संलग्नीकरण समाप्त/2026/9811, दिनांक 02 जुलाई 2026 के माध्यम से विभिन्न कार्यालयों एवं अन्य स्थानों पर संलग्न (अटैच) कर्मचारियों और शिक्षकों का संलग्नीकरण तत्काल प्रभाव से समाप्त करते हुए उन्हें उनकी मूल संस्था में कार्यभार ग्रहण करने के लिए कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए गए थे।

इसके बावजूद आरोप है कि आरंग विकासखंड के कुछ संकुलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में आदेश का पूर्ण पालन नहीं किया गया। फेडरेशन का कहना है कि कुछ शिक्षकों और कर्मचारियों को अब भी पूर्ववत संलग्न स्थानों पर कार्य करने दिया जा रहा है, जिससे न केवल जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश की अवहेलना हो रही है, बल्कि विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
फेडरेशन के आरंग संयोजक माणिक लाल मिश्रा ने BEO से मांग की है कि आदेश के पालन के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी फेडरेशन को उपलब्ध कराई जाए तथा जिन मामलों में आदेश का पालन नहीं हुआ है, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा एवं जिला संयोजक पीतांबर पटेल (रायपुर) को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश के पालन में कथित लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं संबंधित संस्थाओं के विरुद्ध शिक्षा विभाग क्या कदम उठाता है। वहीं, विभाग की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया आना अभी शेष है।

Live24Newscg