सरस्वती शिशु मंदिर में विभिन्न कार्यक्रमों के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत |
सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल, आरंग में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।
आरंग। सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल, आरंग में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, व्यवस्थापक राजेश साहू, सह सचिव तेजराम जलक्षत्रि एवं प्राचार्य गोविंद कुमार साहू ने मां सरस्वती, ॐ एवं भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रभारी श्रीमती सुषमा तिवारी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं आयोजनों की जानकारी दी। इनमें विज्ञान मेला, कक्षा सजावट प्रतियोगिता, गुलदस्ता बनाओ प्रतियोगिता तथा 15 अगस्त के सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य सहित अन्य गतिविधियां शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भैया-बहनों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर समिति सदस्य कौशल चंद्राकर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सह सचिव तेजराम जलक्षत्रि ने कहा कि विद्यार्थियों को विद्यालय में आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और प्रतिभा का विकास होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्राप्त करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अंत में विद्यालय के प्राचार्य गोविंद कुमार साहू ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही पुरस्कार वितरण समारोह का समापन हुआ।
Live24Newscg