गणेशोत्सव को जनसेवा से जोड़ने की पहल, श्री विघ्नहर्ता परिवार ने अस्पताल में बांटी राहत सामग्री

गणेशोत्सव के अवसर पर धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकार को बढ़ावा देने की पहल करते हुए श्री विघ्नहर्ता परिवार गणेशोत्सव समिति, नेताजी चौक द्वारा “10 दिवस–10 सेवा कार्य” अभियान चलाया जा रहा है।

गणेशोत्सव को जनसेवा से जोड़ने की पहल, श्री विघ्नहर्ता परिवार ने अस्पताल में बांटी राहत सामग्री

आरंग। गणेशोत्सव के अवसर पर धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकार को बढ़ावा देने की पहल करते हुए श्री विघ्नहर्ता परिवार गणेशोत्सव समिति, नेताजी चौक द्वारा “10 दिवस–10 सेवा कार्य” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत समिति के सदस्यों ने नगर के शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मरीजों एवं उनके परिजनों को फल, बिस्किट और ग्लूकोज का वितरण किया।
सेवा कार्य के दौरान समिति सदस्यों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों और उनके परिजनों को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराकर समिति ने सेवा एवं सहयोग का संदेश दिया।
समिति द्वारा गणेशोत्सव के दस दिनों में अलग-अलग सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से सेवा कार्य करने का संकल्प लिया गया है। इसी क्रम में शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग, गौ सेवा एवं संरक्षण तथा अस्पताल सेवा सहित अन्य गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
समिति सदस्यों के अनुसार गणेशोत्सव आस्था और भक्ति का पर्व होने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। इसी भावना के साथ समिति द्वारा उत्सव के दौरान जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक सेवा को प्राथमिकता दी जा रही है।