भावना बोहरा ने इन्दौरी क्षेत्र में 1.07 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विधायक भावना बोहरा ने मंगलवार को इन्दौरी क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा, झिरौनी और केसली में 1 करोड़ 07 लाख 19 रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए विधायक भावना बोहरा ने मंगलवार को इन्दौरी क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा, झिरौनी और केसली में 1 करोड़ 07 लाख 19 रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने दो गौरव पथ, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, भूमि समतलीकरण, शिव मंदिर जीर्णोद्धार सहित विभिन्न जनहितकारी निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया तथा प्राथमिक शाला भवन का लोकार्पण किया। विधायक भावना बोहरा द्वारा इन विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ शिक्षा, सामाजिक अधोसंरचना, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण तथा ग्रामीण जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। क्षेत्रवासियों ने विधायक भावना बोहरा का स्वागत करते हुए इन विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि इन निर्माण कार्यों से गांवों के सामाजिक, शैक्षणिक, धार्मिक एवं आधारभूत विकास को नई दिशा मिलेगी।
विधायक भावना बोहरा ने ग्राम कोसमंदा में सीसी रोड और नाली निर्माण सहित 31 लाख 17 हजार एवं 23 लाख 3 हजार की लागत से निर्मित होने वाले दो गौरव पथ, 16 लाख रुपए की लागत से गौठान व स्कूल का समतलीकरण, 5 लाख रुपए की लागत से शनि मंदिर का जीर्णोद्धार तथा ग्राम झिरौनी में 11 लाख 69 हजार रुपए की लागत से आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम केसली में 20 लाख 30 हजार रुपए की लागत से निर्मित शासकीय प्राथमिक शाला भवन का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को इन विकास कार्यों के लिए बधाई दी।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास ही विकसित पंडरिया की आधारशिला है। गांव तभी आगे बढ़ेंगे जब वहां मजबूत सड़कें, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सामाजिक अधोसंरचना और सांस्कृतिक-धार्मिक स्थलों का संरक्षण समान रूप से सुनिश्चित होगा। गांवों में बनने वाले गौरव पथ आवागमन को सुगम बनाकर स्थानीय विकास को नई गति देंगे। वहीं आंगनबाड़ी भवन के निर्माण से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ बच्चों के प्रारंभिक शिक्षा वातावरण को मजबूती मिलेगी।
Live24Newscg