दुर्घटना को न्यौता: आरंग की व्यस्ततम संकरी गली में टूटी नाली की स्लैब बनी जानलेवा।
नगर के गांधी चौक स्थित पुराने सब्जी बाजार से बस स्टैंड तक जाने वाली व्यस्त और संकरी गली इन दिनों गंभीर हादसे का कारण बनती जा रही है।
आरंग। नगर के गांधी चौक स्थित पुराने सब्जी बाजार से बस स्टैंड तक जाने वाली व्यस्त और संकरी गली इन दिनों गंभीर हादसे का कारण बनती जा रही है। गली के बीच स्थित नाली की सीमेंट स्लैब टूटकर धंस गई है, जिससे गहरा गड्ढा बन गया है। स्थिति इतनी खतरनाक है कि राहगीरों को बचाव के लिए पत्थर रखकर चेतावनी देनी पड़ रही है, लेकिन इसके बावजूद किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थल पर मौजूद स्थिति बताती है कि बीच सड़क पर टूटी स्लैब के कारण पैदल चलने वालों, दोपहिया वाहन चालकों तथा बुजुर्गों और बच्चों के लिए आवागमन बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है। शाम और रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है।
समाजसेवी गोपाल शुक्ला ने इस गंभीर समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नगर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल इस गली की अनदेखी किसी बड़ी दुर्घटना को न्यौता देने के समान है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका को तत्काल संज्ञान लेकर टूटी स्लैब की मरम्मत एवं मार्ग को सुरक्षित बनाने की दिशा में कार्रवाई करनी चाहिए।
गोपाल शुक्ला ने कहा कि वे समय-समय पर जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के समक्ष उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी राहगीर के नाली में गिरने या गंभीर रूप से घायल होने जैसी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
Live24Newscg