मप्र के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने समूह की दीदियों से चर्चा कर उनके कार्यों को सराहा
मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल आज दो दिवसीय दौरे पर बिलासपुर पहुंचे।

बिलासपुर। मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल आज दो दिवसीय दौरे पर बिलासपुर पहुंचे। श्री पटेल ने आज सेंदरी और रतनपुर का दौरा किया। स्कूली बच्चों से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। समूह की दीदियों से चर्चा कर उनके कार्यों की जानकारी ली। उनके कार्यों की सराहना की। रतनपुर सीएचसी में सोनोग्राफी मशीन और ओटी का उद्घाटन किया। इस दौरान कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे।
मप्र के राज्यपाल मंगूभाई पटेल सबसे पहले सेंदरी के स्वामी आत्मानंद स्कूल पहुंचे। उन्होंने दसवीं कक्षा के बच्चों से चर्चा कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बच्चों से पूछा कि देश के राष्ट्रपति कौन हैं। बच्चों द्वारा राष्ट्रपति के बारे में पूरी जानकारी देने पर खुशी जताई। उन्होंने बच्चों से एसएचजी के बारे में भी पूछा। उन्होंने बच्चों को खूब मन लगाकर पढ़ने कहा। बच्चों को राजभवन आने का न्योता भी दिया। इसके बाद उन्होंने समूह की दीदियों से चर्चा कर उनके कार्यों की जानकारी ली। महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आर्थिक गतिविधियों से जुड़ कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन गई हैं। उनका आत्मविश्वास बढ़ गया है। परिवार और समाज में उनका सम्मान बढ़ गया है। उन्होंने स्कूल परिसर में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी जायजा लिया। यहां सिकल सेल, बीपी, शुगर जांच सहित अन्य जांच की जा रही है। स्वास्थ्य परीक्षण कराने आए लोगों से चर्चा की। मितानिनों से चर्चा कर उनके कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्कूल परिसर में बादाम का पौधा लगाया।